कटिहार में 28 ग्राम स्मैक के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार, 58 हजार रुपये बरामद
कटिहार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि रामपुर गांव में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए मुफस्सिल थाना पुलिस टीम गांव पहुंची और छापेमारी शुरू की।
पुलिस को देखते ही एक युवक और एक महिला भागने लगे। पुलिस बल के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान विवेकानंद यादव उर्फ विक्रम कुमार, उम्र 28 वर्ष और डोली कुमारी, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई।
दोनों की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से 28 ग्राम स्मैक, 11 मोबाइल फोन और 58 हजार 20 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कटिहार पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











