छठ महापर्व को लेकर कटिहार प्रशासन अलर्ट, 35 घाटों और पोखरों पर होंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने दिए साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी निगरानी के निर्देश, एसडीओ सूरज कुमार ने कुर्सेला और बरारी के घाटों का किया निरीक्षण
कटिहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कटिहार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के सभी प्रमुख और स्थानीय छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया है।
इसी क्रम में मंगलवार, 10 नवंबर को अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार सदर सूरज कुमार ने कुर्सेला एवं बरारी अंचल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। डीएम के निर्देश पर सभी प्रखंडों, नगर निकायों और पंचायतों में घाटों की सफाई, कचरा उठाव, झाड़ियों की कटाई, पहुंच पथ की मरम्मत और जलाशयों के आसपास स्वच्छता का काम कराया जा रहा है।
35 घाटों और पोखरों पर विशेष व्यवस्था
नगर निगम कटिहार क्षेत्र के सभी 35 छठ घाटों एवं पोखरों पर विशेष तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ियों की मरम्मत एवं निर्माण, अस्थायी चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, नदी में बैरिकेडिंग, वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की तैयारी है। संवेदनशील घाटों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
सुरक्षा और स्वच्छता प्रशासन की प्राथमिकता
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी घाटों का भौतिक निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।











