दीपावली पर महादलित बस्ती पहुंचे कटिहार डीएम, मिठाई और दीप बांटकर साझा की खुशियां
महादलित बस्ती में डीएम आशुतोष द्विवेदी ने बांटी दीपावली की खुशियां, मिठाई और दीप देकर दी शुभकामनाएं
कटिहार। दीपावली के पावन अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सामाजिक समरसता और खुशियां साझा करने की अनूठी पहल की गई। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी ने कटिहार सदर प्रखंड के दलन पूर्व पंचायत अंतर्गत पुराना टोला सिरसा स्थित महादलित बस्ती पहुंचकर लोगों के बीच मिठाइयां और दीपों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर डीएम आशुतोष द्विवेदी और डीडीसी डॉ. नेहा कुमारी ने बस्ती के लोगों से संवाद किया और उन्हें आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ दीपावली मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग मिलकर खुशियां मनाएं और जरूरतमंद परिवारों तक भी पर्व की खुशियां पहुंचें। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग के साथ दीपावली की खुशियां साझा करना रहा।

डीएम आशुतोष द्विवेदी ने समस्त जिलावासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई देते हुए सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। साथ ही सुरक्षित, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण दीपावली मनाने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से दीप एवं मोमबत्तियां सुरक्षित स्थानों पर रखने, बच्चों को पटाखों से दूर रखने और आतिशबाजी के दौरान बड़ों की निगरानी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। इसके अलावा विद्युत सजावट में सावधानी बरतने, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और पशु-पक्षियों का ध्यान रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। जिला प्रशासन ने संदेश दिया कि दीप जलाएं, खुशियां बांटें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए दीपावली मनाएं।











