भागलपुर में MBBS छात्र की मौत पर बवाल, मेडिकल छात्रों का धरना | विधायक रोहित पांडे ने की जांच की मांग

भागलपुर :- तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से MBBS छात्र डॉक्टर रूपेश सोनी की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में मेडिकल छात्रों ने धरना देकर न्याय की मांग की है। आरोप है कि हादसे में शामिल कार चला रहा पीजी छात्र नशे की हालत में था। हालांकि, नशे के सेवन की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस मामले में नगर विधायक रोहित पांडे ने गंभीर चिंता जताते हुए घटना में शामिल सभी लोगों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

नगर विधायक रोहित पांडे ने कहा कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि हादसे के वक्त आरोपितों ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं। यदि ऐसा हुआ है तो इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की।

अस्पताल अधीक्षक ने जिला प्रशासन से मांगा सहयोग

डॉक्टर रूपेश सोनी की मौत के बाद अस्पताल अधीक्षक ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो। वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द सामान्य करने की बात कही। उन्होंने मरीजों को होने वाली परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन से सहयोग की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *