भागलपुर में दीपावली-काली पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, 17 संवेदनशील जगहों पर दमकल तैनात
भागलपुर। दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को देखते हुए भागलपुर अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहारों के दौरान आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने के लिए विभाग ने विशेष तैयारी की है। पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों और संवेदनशीलता के आधार पर पूरे शहर को तीन अलग-अलग लेवल में बांटा गया है। इसके तहत शहर के 17 संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर दमकल की गाड़ियों की विशेष तैनाती की गई है।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी रमन राज ने बताया कि शहर को लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 में विभाजित किया गया है। लेवल-1 में सबसे अधिक संवेदनशील 7 स्थानों को शामिल किया गया है, जहां 7 नवंबर से काली पूजा विसर्जन तक दमकल की गाड़ियां 24 घंटे तैनात रहेंगी। वहीं, लेवल-2 में 6 स्थानों को चिह्नित किया गया है। यहां दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक पीक आवर्स में दमकल की गाड़ियां मौजूद रहेंगी। जबकि लेवल-3 में 4 स्थानों को शामिल किया गया है, जहां अग्निशमन विभाग की गाड़ियां लगातार गश्त करेंगी।
उन्होंने बताया कि दमकल वाहनों की प्री-पोजिशनिंग इस तरह की गई है कि किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन की गाड़ियां तत्काल घटनास्थल पर पहुंच सकें और आग पर जल्द काबू पाया जा सके। वहीं, अग्निशमन विभाग ने शहरवासियों से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से दीपावली मनाने की अपील की है। लोगों से अत्यधिक आतिशबाजी और पटाखों के इस्तेमाल से बचने तथा आगजनी की किसी भी घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को देने की अपील की गई है।











