नवगछिया में किसान की हत्या

नवगछिया में किसान की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद की आशंका

रिपोर्ट : श्यामानंद सिंह, भागलपुर

बासा पर सो रहे फुलो मंडल को अपराधियों ने बनाया निशाना, घटनास्थल पर हुई मौत; हत्या के बाद गांव में दहशत

भागलपुर: नवगछिया पुलिस जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडी स्थान में अपराधियों ने एक किसान की सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान चंडी स्थान निवासी फुलो मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसान अपने बासा पर सो रहे थे, तभी देर रात अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी। गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फुलो मंडल अपने ससुराल में रहकर खेतीबाड़ी करते थे। परिवार के साथ खाना खाने के बाद वे रोज की तरह अपने बासा पर सोने चले गए थे। इसी दौरान अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बासा पर पहुंचे, जहां किसान का खून से लथपथ शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। इस घटना के बाद चंडी स्थान गांव में दहशत का माहौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *