भागलपुर सड़क हादसा

भागलपुर में घने कुहासे का कहर, सड़क हादसे में दो की मौत, चार घायल

भागलपुर में घने कुहासे का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार दो लोगों की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में घने कुहासे के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर बायपास मोड़ पर अज्ञात वाहन ने एक कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान बनारस निवासी वंदना राय और ननकू राय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी छह लोग बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र स्थित आसमानीचक गांव में छठ पूजा मनाने आए थे। पूजा संपन्न होने के बाद सभी लोग कार से वापस बनारस लौट रहे थे। इसी दौरान मनोहरपुर बायपास मोड़ के पास घने कुहासे के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की 112 सेवा और 102 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मधुसूदनपुर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

रिपोर्ट : श्यामानंद सिंह, भागलपुर


 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *