मानवाधिकार संगठन ने डीएम को सौंपा मांग पत्र, बस स्टैंड, शहर की बदहाल व्यवस्था और विकास कार्यों पर उठाए सवाल
कटिहार में मानवाधिकार संगठन ने डीएम को सौंपा मांग पत्र, बस स्टैंड, शहर की बदहाल व्यवस्था और विकास कार्यों पर उठाए सवाल
कटिहार: मानवाधिकार संगठन के राष्ट्रीय सचिव सह प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिला पदाधिकारी को विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विकास, यातायात व्यवस्था और नगर निगम क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की।
मांग पत्र में कहा गया कि पुराने बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर गंदगी और जर्जर छत के कारण कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। संगठन ने इन स्थानों का सौंदर्यीकरण कर वहां आधुनिक मार्केट, फव्वारा, टैक्सी स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने की मांग की।
संगठन ने यह भी मांग की कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। आरोप लगाया गया कि बिहार इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BIDCL) की कार्यशैली और लापरवाही के कारण शहर की सड़कें और आधारभूत संरचना बदहाल स्थिति में पहुंच गई हैं।
मांग पत्र में कहा गया कि नगर निगम बनने के बावजूद बढ़ती जनसंख्या के अनुरूप शहर में मूलभूत सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया है, जिससे आम नागरिकों को प्रतिदिन अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा संगठन ने नगर विकास विभाग से कटिहार की बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए जल्द से जल्द एक स्थायी एवं आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कराने की मांग की, ताकि यात्रियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
शिष्टमंडल ने जिला प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।










