अररिया में नदियों का जलस्तर सामान्य, DM-SP ने परमान नदी का किया निरीक्षण

अररिया। जिले में नदियों के जलस्तर को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार ने अररिया प्रखंड के बेलवा स्थित परमान नदी का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने नदी के जलस्तर के साथ तटबंध और कटाव की स्थिति का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान परमान नदी का जलस्तर सामान्य पाया गया। नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है और जलस्तर में किसी तरह की असामान्य वृद्धि नहीं दर्ज की गई। जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से भी नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने स्थिति सामान्य होने की बात कही।

प्रशासन के अनुसार, अररिया स्थित परमान नदी खतरे के निशान 47.00 मीटर से 2.11 मीटर नीचे स्थिर अवस्था में बह रही है। वहीं, जोकीहाट स्थित कनकई नदी खतरे के निशान 46.94 मीटर से 1.39 मीटर नीचे और सिकटी स्थित बकरा नदी खतरे के निशान 61.40 मीटर से 1.75 मीटर नीचे बह रही है। तीनों नदियों का जलस्तर फिलहाल स्थिर है।

जिला प्रशासन द्वारा नदियों के जलस्तर, तटबंधों और कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, अररिया के मोबाइल नंबर 9471682459 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *