भागलपुर क्राइम मीटिंग में एसएसपी सख्त, DJ और जबरन चंदा वसूली पर होगी कार्रवाई

भागलपुर। समीक्षा भवन में आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में एसएसपी प्रमोद कुमार ने जिले की कानून-व्यवस्था और लंबित कांडों की समीक्षा की। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए बैठक में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान एसएसपी ने जिले में लंबित मामलों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि भागलपुर पुलिस ने इस महीने कांडों के निष्पादन में बेहतर प्रदर्शन किया है। कई थानों में पिछले महीनों की तुलना में ढाई से तीन गुना अधिक मामलों का निष्पादन किया गया है। लगातार समीक्षा के कारण लंबित मामलों की संख्या में भी कमी आई है।

त्योहारों को लेकर निरोधात्मक कार्रवाई तेज

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने से पहले आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

DJ बजाने पर सख्ती

एसएसपी प्रमोद कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान DJ पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बिना अनुमति DJ बजाने अथवा अश्लील और भड़काऊ गाने बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर DJ जब्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि त्योहार के दौरान जुलूस, पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखें।

जबरन चंदा वसूली पर भी होगी कार्रवाई

एसएसपी ने कहा कि पूजा या त्योहार के नाम पर जबरन चंदा वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानदारों, व्यवसायियों या राहगीरों से जबरन चंदा वसूलने वालों के खिलाफ शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी

बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ सामग्री को लेकर भी पुलिस को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। सोशल मीडिया की 24 घंटे साइबर मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर नजर रख रही है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए RAF की एक कंपनी और अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व-त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि करें।

रिपोर्ट: KTN News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *