जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित

खरीफ फसल आच्छादन, बाढ़ से हुई फसल क्षति, किसान रजिस्ट्री एवं कृषि योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

कटिहार, 18 सितंबर 2026। जिला पदाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में एवं उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी की उपस्थिति में आज NIC सभाकक्ष, कटिहार में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार द्वारा कृषि विभाग एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से जिला पदाधिकारी महोदय को अवगत कराया गया।

बैठक में खरीफ फसल आच्छादन, बाढ़ से प्रभावित फसलों की क्षति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान रजिस्ट्री, कृषि यंत्रीकरण एवं शिकायत निवारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

*खरीफ फसल आच्छादन में उल्लेखनीय प्रगति*

शारदीय (खरीफ) 2026 मौसम में जिले में विभिन्न फसलों के कुल आच्छादन का लक्ष्य 1,00,125.091 हेक्टेयर निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 97,782.72 हेक्टेयर में फसल आच्छादन कराया गया है।

विशेष रूप से धान फसल में 93,837.70 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की गई है। धान आच्छादन में हुई इस प्रगति की बैठक में समीक्षा की गई।

*बाढ़ प्रभावित फसलों की क्षति का आकलन एवं प्रतिवेदन*

वर्ष 2026 के अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में हुई अतिवृष्टि एवं विभिन्न नदियों के जलस्तर में अपेक्षित वृद्धि के कारण जिले के 07 प्रखंडों की 61 पंचायतों में कुल 6,749 हेक्टेयर क्षेत्र में धान, जूट, मक्का, सब्जी एवं केला फसल प्रभावित हुई।

प्रखंड स्तर पर अंचलाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी द्वारा किए गए संयुक्त जांच के आधार पर 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षति वाले कुल 2,234.00 हेक्टेयर क्षेत्र का आकलन किया गया। जिला पदाधिकारी, कटिहार के अनुमोदनोपरांत फसल क्षति का प्रतिवेदन कृषि निदेशालय, बिहार, पटना को भेजा जा चुका है।

*प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं किसान रजिस्ट्री की समीक्षा*

शारदीय (खरीफ) मौसम में उर्वरक की कालाबाजारी की रोकथाम एवं किसानों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले में कुल 2,32,984 लाभार्थियों के विरुद्ध 2,27,752 लाभार्थियों की किसान रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण किया जा चुका है
बैठक में किसान रजिस्ट्री के शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा किसानों को योजनाओं का लाभ सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

*डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने का निर्देश*

शारदीय (खरीफ) मौसम में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य जिले में प्रगति पर है। अब तक कुल 4,19,645 चिह्नित प्लॉटों में से 1,85,639 प्लॉटों का सर्वेक्षण पूर्ण किया जा चुका है।

जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

*कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत किसानों को मिलेगा लाभ*

कृषि यंत्रीकरण योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक एवं अन्य कृषि यंत्रों के लिए कुल 2,066 यंत्रों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

दिनांक 08 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा अब तक कुल 776 कृषि यंत्रों हेतु आवेदन प्राप्त हुए हैं। किसानों को कृषि यंत्रीकरण योजना का लाभ दिलाने एवं आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

*शिकायतों के त्वरित निवारण एवं योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर*

एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (सहयोग पोर्टल) पर कुल 145 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 144 आवेदनों का निवारण किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा शेष शिकायतों के शीघ्र निवारण तथा किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी द्वारा टास्क फोर्स से संबंधित सभी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करना सुनिश्चित करें तथा आगामी बैठक में अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *