पटना में सड़क हादसे के बाद हिंसा, 10 गाड़ियां फूंकीं; ट्रैफिक चौकी जलाई, हाईवे जाम
पटना में सड़क हादसे के बाद हिंसा, 10 गाड़ियां फूंकीं; ट्रैफिक चौकी जलाई, हाईवे जाम
पटना। राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित जीरो माइल के पास शुक्रवार सुबह सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया।
गुस्साई भीड़ ने हादसे में शामिल बस को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद उपद्रवियों ने कई वाहनों को निशाना बनाया। करीब 10 गाड़ियों में आग लगा दी गई, जिनमें बस, पुलिस वाहन, बाइक और अन्य वाहन शामिल हैं। आसपास खड़े वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई।
ट्रैफिक पुलिस चौकी में लगाई आग, NH-30 जाम
उग्र भीड़ ने जीरो माइल स्थित ट्रैफिक पुलिस चौकी को भी आग के हवाले कर दिया। इसके बाद नेशनल हाईवे-30 पर जाम लगा दिया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
9 थानों की पुलिस मौके पर तैनात
हंगामे की सूचना मिलते ही 9 थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अतिरिक्त बल की तैनाती के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
ASP ने बताया- स्थिति नियंत्रण में
ASP राज किशोर सिंह ने बताया कि सड़क पार करने के दौरान युवक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दी और वाहन व पुलिस गाड़ी में आग लगा दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है और आगजनी व हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। बस में हादसे के समय यात्री मौजूद थे या नहीं, इसकी भी जांच जारी है











