कटिहार में अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, घटनास्थल पर पहुंचे IG और SP

कटिहार, 5 अक्टूबर 2026। कटिहार में सोमवार सुबह एक अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है। वारदात नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अधिवक्ता अपने काम से निकले थे। इसी दौरान पटेल चौक के समीप बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से जानकारी ली। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

पुराने विवाद के एंगल से भी जांच

अधिवक्ता की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। परिजनों की ओर से बहन के ससुराल पक्ष से रास्ते को लेकर विवाद और कुछ दिन पहले कोर्ट परिसर में हुई कहासुनी की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

IG और SP ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया रेंज के IG विवेकानंद और कटिहार के SP परिचय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस की ओर से हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई स्तर पर जांच और छापेमारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।

दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या की घटना के बाद अधिवक्ता समुदाय और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य सुरागों के आधार पर हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *