कटिहार में नियोजन मेले में 554 युवाओं का चयन, 1557 बायोडाटा हुए प्राप्त
कटिहार, 29 अगस्त 2026: जिला नियोजनालय, कटिहार के तत्वावधान में शनिवार को संयुक्त श्रम भवन, लेबर सेंटर परिसर, डहेरिया में जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया। मेले का उद्घाटन सांसद मो. तारिक अनवर, विधायक कटिहार सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं नगर निगम की महापौर उषा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मेले में निजी क्षेत्र की 23 कंपनियों/नियोजकों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। इस दौरान कुल 1557 बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें 554 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नियोजन मेला निजी क्षेत्र में रोजगार हासिल करने का बेहतर मंच है। एक ही स्थान पर विभिन्न क्षेत्रों के नियोजकों से संपर्क कर युवा अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। युवाओं को वर्तमान रोजगार बाजार की जरूरत के अनुसार कौशल विकास और शैक्षणिक योग्यता हासिल करने की सलाह दी गई।
मेले में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार, करियर मार्गदर्शन और उद्यमिता विकास से संबंधित जानकारी भी दी गई। विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से कुल 9 स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं को सरकारी योजनाओं और रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी दी गई।
सरकारी स्टॉलों पर कुल 1063 आवेदन/मार्गदर्शन दर्ज किए गए। इनमें जिला नियोजनालय, समुद्रपार नियोजन ब्यूरो, डीआरसीसी, श्रम विभाग, आरसेटी, नेहरू युवा केंद्र, आईटीआई, जीविका और जिला कृषि कार्यालय शामिल रहे।
मेले के सफल आयोजन में जिला नियोजन पदाधिकारी मो. तौसीफ क्याम सहित जिला नियोजनालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन शाम 5 बजे किया गया।











