कटिहार में हत्या कांड का मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार, पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद
कटिहार पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में पोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर में हुई हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय कुमार यादव उर्फ डिपो (38 वर्ष), पिता अरुण यादव, निवासी चांदपुर, थाना पोठिया के रूप में हुई है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को रंभा देवी ने पोठिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके पति नंदन यादव 15 सितंबर की रात खाना खाने के बाद घर के बाहर बने मचान पर सोने गए थे। 16 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आने पर नंदन यादव घायल अवस्था में मिले। शिकायतकर्ता ने संजय कुमार यादव पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पूर्व से भूमि विवाद भी चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम में पोठिया थाना पुलिस और STF को शामिल किया गया था। पुलिस ने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर 3 अक्टूबर 2026 को चांदपुर स्थित बहियार में छापेमारी कर संजय कुमार यादव उर्फ डिपो को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: KTN News Desk
Published: 05 October 2026











