कटिहार परिवहन विभाग

कटिहार में परिवहन विभाग की सख्ती, यातायात नियम तोड़ने पर 4.96 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

कटिहार, 08 अक्टूबर 2026। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला परिवहन विभाग, कटिहार की ओर से बस्तौल चौक और रोशना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 4.96 लाख रुपये का चालान और जुर्माना वसूला गया।

जांच अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और गलत दिशा में वाहन चलाने समेत विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच की गई। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।

नाबालिग वाहन चालकों और बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों पर विशेष नजर

विशेष जांच अभियान में नाबालिग वाहन चालकों की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा बिना पंजीकरण संचालित टोटो और ऑटो के खिलाफ भी परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। विभाग की ओर से ऐसे वाहनों के दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

जिला परिवहन विभाग ने नए वाहनों के पंजीकरण में अनावश्यक देरी करने वाले वाहन डीलरों और शोरूम संचालकों को भी चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, बिना पंजीकरण वाले वाहनों को सड़क पर चलने देने की स्थिति में संबंधित वाहन चालक के साथ-साथ डीलर या शोरूम संचालक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।

आगे भी जारी रहेगा वाहन जांच अभियान

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का पालन कराने के साथ सड़क दुर्घटनाओं को रोकना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

रिपोर्ट: KTN News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *