नवगछिया में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, 4 कारीगर गिरफ्तार; पिस्टल-कारतूस बरामद

भागलपुर/नवगछिया: नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भवानीपुर थाना क्षेत्र के बांधा बहियार स्थित दियारा इलाके में चल रही कथित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से अर्धनिर्मित हथियार, दो देसी पिस्टल, छह कारतूस, पांच मैगजीन और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस और STF की छापेमारी

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि वीरबन्ना निवासी मृत्यंजय यादव अपने साढ़ू मुकेश यादव के साथ मिलकर बाहर से हथियार बनाने वाले कारीगरों को बुलाकर अवैध हथियार निर्माण का काम कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद नवगछिया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बांधा बहियार दियारा इलाके में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को मौके से अर्धनिर्मित हथियार और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले। इसके अलावा दो देसी पिस्टल, छह कारतूस और पांच मैगजीन भी बरामद की गईं।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा। फरार आरोपी की पहचान वीरबन्ना निवासी मृत्यंजय यादव के रूप में बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुंगेर जिले के बरदह थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद तौसिक उर्फ साधो, मिर्जापुर बधो थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद अरमान उर्फ मेहरूद्दीन, मुंगेर मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी मुकेश यादव और भागलपुर के भवानीपुर थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार यादव के रूप में हुई है।

अवैध हथियार निर्माण के नेटवर्क की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित मिनी गन फैक्ट्री में हथियार निर्माण का काम कब से चल रहा था और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।

नवगछिया पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

रिपोर्ट: KTN News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *