होटल की आड़ में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
कटिहार जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बरारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बलुआ बाजार में होटल की आड़ में कथित तौर पर अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के अनुसार, 19 अगस्त की शाम गश्ती के दौरान बरारी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि बलुआ बाजार में एक व्यक्ति होटल की आड़ में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहा है।
सूचना का सत्यापन करने के बाद बरारी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
दुकान की तलाशी में हथियार बरामद
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम रंजीत कुमार चौधरी (38 वर्ष), पिता- स्वर्गीय राजेन्द्र चौधरी, निवासी बलुआ बाजार, थाना बरारी, जिला कटिहार बताया।
इसके बाद पुलिस ने उसकी दुकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
कटिहार पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध हथियारों और अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।











