बहरसाल दियारा में दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला, एक की हत्या; दूसरी गंभीर
कटिहार | AAMIR KHAN
कटिहार के अमदाबाद थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे बहरसाल दियारा में दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिशचंद्रपुर की रहने वाली चंद्रिका मंडल और रुम्पा मंडल मवेशियों के लिए चारा काटने बहरसाल दियारा पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं अक्सर इस इलाके में घास काटने आती थीं। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में चंद्रिका मंडल गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रुम्पा मंडल गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल रुम्पा को इलाज के लिए मालदा ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बिहार-बंगाल पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिहार और पश्चिम बंगाल, दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस वारदात के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
इधर, दोनों महिलाओं के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दोनों महिलाओं के इस इलाके में अक्सर चारा लेने आने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में पुलिस इस घटना को लेकर कई संभावित एंगल से जांच कर रही है। इलाके में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।











