कटिहार में उद्यानिक फसलों की उन्नत खेती पर प्रशिक्षण, किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों की दी गई जानकारी

कटिहार : आमिर खान

कटिहार में उद्यानिक फसलों की उन्नत खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), कटिहार की ओर से संयुक्त कृषि भवन के सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा राजीव कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आत्मा द्वारा संचालित पाठशाला और प्रत्यक्षण कार्यक्रम से जुड़े प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। किसानों को बैंगन, भिंडी और फूलगोभी की वैज्ञानिक एवं उन्नत खेती की जानकारी दी गई।
जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने खेत की तैयारी, उन्नत किस्मों का चयन, बीज उपचार, वैज्ञानिक बुआई, खरपतवार नियंत्रण, पोषक तत्व प्रबंधन तथा कीट एवं रोग नियंत्रण सहित फसल प्रबंधन की तकनीकों को स्लाइड प्रस्तुतीकरण के माध्यम से समझाया।
कृषि विज्ञान केंद्र कटिहार के वरीय वैज्ञानिक डॉ. मृणाल वर्मा ने मखाना में स्प्रे की विधि, ड्रिप एवं माइक्रो इरीगेशन से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दी। वहीं DDAE प्रमोद कुमार ने कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत आवेदन और कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की प्रक्रिया बताई।
ADPP जय किशन कुमार ने किसानों को ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से अनुदानित दर पर ड्रोन से दवा, कीटनाशक एवं खरपतवारनाशक का छिड़काव कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
उप परियोजना निदेशक दीक्षा कुमारी ने उद्यानिक फसलों में लगने वाले प्रमुख रोगों की पहचान, रोकथाम और वैज्ञानिक प्रबंधन के उपाय बताए। वहीं शशि कान्त झा ने एफपीओ, कृषि हितकारी समूह तथा प्रत्यक्षण एवं पाठशाला कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में कृषि विभाग एवं आत्मा के कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *