पक्के घर की सौगात से खिले चेहरे, कटिहार में PM आवास योजना का कार्यक्रम आयोजित  

कटिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत लाभुकों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभर में 22 लाख 35 हजार आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पटना के बापू सभागार से किया गया, जिसे कटिहार समाहरणालय सभागार में भी लाइव देखा गया।

कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद, कोढ़ा विधायक कविता देवी, प्राणपुर विधायक निशा सिंह समेत जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक शामिल हुए।

इस दौरान कटिहार जिले में आवास निर्माण पूरा कर चुके लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए आवास की प्रतीकात्मक चाबी और बधाई पत्र दिया गया। वहीं, योजना के तहत नवचयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किया गया।

जिलास्तर पर पिंकी देवी, मिलन देवी, नाजमीन खातुन, रुखसोना देवी और पुतली देवी को स्वीकृति पत्र दिया गया। जबकि कंचन देवी, पल्लवी देवी, सलेहा खातुन, नुजहत बानो और ब्रजवाला पॉल को आवास की प्रतीकात्मक चाबी एवं बधाई पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को जीविका, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, बिजली कनेक्शन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ पेयजल सहित अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ने की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने लाभुकों से निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर आवास निर्माण पूरा करने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को लाभुकों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। साथ ही, लाभुकों को अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *