कटिहार में पुलिस की सराहनीय पहल, सड़क पर मिला मोबाइल युवती को लौटाया
कटिहार: मनसाही थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का मोबाइल फोन पावर हाउस रोड पर कहीं गिर गया था। मोबाइल खो जाने के बाद वह काफी परेशान थी और काफी खोजबीन के बावजूद फोन नहीं मिल सका।
इसी दौरान यातायात थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार मंडल और अपर थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार शहर के कालीबाड़ी पावर हाउस रोड के पास से गुजर रहे थे। इसी क्रम में उन्हें सड़क पर एक मोबाइल फोन पड़ा मिला।
पुलिस पदाधिकारियों ने मोबाइल की जांच कर उसके मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया। मोबाइल में मिले संपर्क के आधार पर युवती कविता से संपर्क किया गया। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन सुरक्षित रूप से युवती को सौंप दिया।
मोबाइल वापस मिलने के बाद युवती ने यातायात पुलिस के प्रति आभार जताया। पुलिस की इस पहल से एक बार फिर लोगों के बीच पुलिस के मानवीय और जिम्मेदार चेहरे की सराहना हो रही है।











