कटिहार में शुरू हुआ MSME सेंटर, युवाओं और उद्यमियों को मिलेगी कारोबार शुरू करने में मदद

कटिहार। जिले के युवाओं और उद्यमियों के लिए कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया अब आसान होगी। जिला उद्योग केंद्र (DIC), कटिहार में MSME सेंटर यानी उद्यमी सहायता केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत बिहार के सभी जिलों में स्थापित MSME केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया, जिसके साथ ही कटिहार का केंद्र भी पूरी तरह क्रियाशील हो गया है।

MSME सेंटर को सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में विकसित किया गया है। यहां नए और संभावित उद्यमियों को उद्योग शुरू करने से पहले प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और आवेदन प्रक्रिया समझने में सहायता मिलेगी। इसके अलावा बैंक ऋण के लिए जरूरी मार्गदर्शन तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय में भी केंद्र सहयोग करेगा। इससे उद्यमियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और आवेदन प्रक्रिया में समय की बचत होगी।

MSME मित्र देंगे उद्यमियों को मार्गदर्शन

केंद्र में प्रशिक्षित MSME मित्र नए उद्यमियों, महिला उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों को विभिन्न प्रक्रियाओं में सहायता करेंगे। इसमें उद्यम पंजीकरण, ZED प्रमाणन, ODOP क्लस्टर विकास, GeM पोर्टल पर पंजीकरण और निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाएं शामिल हैं।

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मिलेगी मदद

MSME सेंटर के माध्यम से उद्यमियों को PMEGP, PMFME, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना (MMUY) और CGTMSE जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी मार्गदर्शन मिलेगा। परियोजना रिपोर्ट तैयार करने से लेकर बैंक ऋण की प्रक्रिया तक जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्र उद्यमियों, बैंकों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कड़ी के रूप में भी काम करेगा।

जिला उद्योग केंद्र के अनुसार, MSME सेंटर के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रहे युवाओं और महिला उद्यमियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय संसाधनों से जुड़े उत्पादों के मूल्य संवर्धन और बाजार तक पहुंच बनाने में भी केंद्र सहयोग करेगा।

जिला प्रशासन और जिला उद्योग केंद्र, कटिहार ने जिले के वर्तमान एवं संभावित उद्यमियों से MSME सेंटर की सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

रिपोर्ट: KTN News Desk

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *