चंदौली डीजल चोरी

UP में तेल चोरी का बड़ा खुलासा: इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से निकाला जा रहा था डीजल, 100 लीटर चोरी का तेल बरामद

टैंकर का लॉक तोड़कर पाइप से निकाला जा रहा था डीजल, पुलिस को देखते ही चालक और सहयोगी फरार; टैंकर मालिक समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज।

चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट के पास टैंकर से डीजल चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर करीब 100 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया। पुलिस की घेराबंदी देखकर मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 12 हजार लीटर डीजल/पेट्रोल से भरा टैंकर संख्या UP 45 T 3706 भी बरामद किया। जांच में टैंकर के पिछले चेंबर का लॉक टूटा हुआ मिला। मौके पर पाइप लगाकर टैंकर से तेल निकालने के साक्ष्य मिले।

पुलिस ने घटनास्थल से तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। इनमें गैलन, बाल्टी, पाइप, हथौड़ी, पंच मशीन और पेचकश सहित कई सामान शामिल हैं। पुलिस जांच में टैंकर मालिक मो. यासिन का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसके ट्रांसपोर्ट कार्यालय से इंडियन ऑयल कंपनी में 22 टैंकर संचालित होते हैं। फरार आरोपियों की पहचान चंद्रमा चौहान उर्फ चंदा, टैंकर चालक मंगल चौहान और खलासी राजकुमार के रूप में हुई है।

इस मामले में वाहन स्वामी, टैंकर चालक, सहायक चालक समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अलीनगर थाने में मु0अ0सं0 707/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पेट्रोलियम अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। यह पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। मामले को लेकर एडिशनल एसपी चंदौली विक्रम दहिया ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।

Report by – Babku

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *