कटिहार में कानून व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, बाजार समिति ओपी का एसपी परिचय कुमार ने किया उद्घाटन
अभिषेक कुमार बने बाजार समिति ओपी के पहले थानाध्यक्ष, तीनगछिया और बाजार समिति इलाके में बढ़ेगी पुलिस की सक्रियता
कटिहार: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कटिहार पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को कटिहार नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवनिर्मित बाजार समिति ओपी का विधिवत उद्घाटन पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने किया। नए ओपी के शुरू होने से तीनगछिया और बाजार समिति जैसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।
नवनिर्मित ओपी की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारी अभिषेक कुमार को सौंपी गई है। उन्हें बाजार समिति ओपी का पहला थानाध्यक्ष बनाया गया है। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इससे स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को पुलिस से संपर्क करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि तीनगछिया और बाजार समिति कटिहार के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारियों, ग्राहकों और आम लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में नए ओपी की स्थापना को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। उद्घाटन के दौरान एसपी परिचय कुमार ने ओपी भवन का निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
Report by – Shankar Kumar











