1.50 करोड़ की शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

चंदौली में 1.50 करोड़ की अवैध शराब बरामद, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

चंदौली में स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सैयदराजा थाना क्षेत्र के रमऊपूर गांव के पास NH-19 पर चेकिंग के दौरान एक अशोक लेलैंड ट्रक से 1185 पेटी यानी 10,451.52 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। शराब को ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर हरियाणा से बिहार ले जाया जा रहा था।

मामले में पुलिस ने राजस्थान निवासी ट्रक चालक शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर एक लाख रुपये के लालच में शराब बिहार पहुंचाने की बात बताई है।

पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से भेजी गई थी और इसे बिहार में किसके पास पहुंचाया जाना था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में बरामद शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक चंदौली विक्रम दहिया ने जानकारी दी।

रिपोर्ट: KTN News Desk
Published: 05 October 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *