ईशाकचक में खंडहरनुमा मकान से 29.15 ग्राम स्मैक बरामद, दो गिरफ्तार

भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने 29.15 ग्राम स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई भीखनपुर गुमटी नंबर-1 के समीप स्थित एक खंडहरनुमा मकान में छापेमारी के दौरान की गई।

पुलिस के अनुसार, उक्त मकान में मादक पदार्थ के भंडारण और खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान मकान से 29.15 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।

दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम दास उर्फ बारूद, पिता बादल दास और प्रवेश कुमार, पिता शंकर दास के रूप में हुई है। दोनों भीखनपुर गुमटी नंबर-2 स्थित हरिजन टोला, ईशाकचक थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रवेश कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ ईशाकचक थाना में अलग-अलग मामले दर्ज हैं।

स्मैक के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाया गया था और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। इसके अलावा आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों और खंडहरनुमा मकान में उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत कार्रवाई

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भागलपुर जिले में ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नशीले पदार्थों की बिक्री और भंडारण से जुड़े संभावित स्थानों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है।

ईशाकचक थाना पुलिस की यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस के अनुसार, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मंटू कुमार, निलमणि कुमार, प्रिंस कुमार, राजीव कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

रिपोर्ट: KTN News Desk
Published: 04 October 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *