शाहकुंड में 1.575 किलो गांजा बरामद, दुकानदार गिरफ्तार
भागलपुर के शाहकुंड थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने 1.575 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई असरगंज रोड स्थित भट्टाचक के पास एक दुकान में छापेमारी के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शाहकुंड पुलिस को सूचना मिली थी कि भट्टाचक के बजरंगबली स्थान के पास स्थित एक दुकान से अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.575 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भट्टाचक निवासी अजित कुमार सिंह, पिता परमानंद सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।











