कटिहार में अधिवक्ता गुड्डू अंसारी हत्याकांड का खुलासा, 12 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार
कटिहार में अधिवक्ता अजीजुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर थाना क्षेत्र में हरिजन चौक और पटेल चौक के बीच अधिवक्ता पर चाकू से हमला करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों के आवेदन पर नगर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और प्राप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसके बाद रामपाड़ा इलाके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रेहान, मो. अशफाक, इनायत, मो. महफूज और मुन्ना उर्फ अख्तर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, एक चाकू और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जमीन विवाद और पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
एसपी परिचय कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अधिवक्ता की बहन से जुड़े जमीन विवाद और आरोपियों के साथ पूर्व में हुए विवाद एवं मारपीट का बदला लेने की बात सामने आई है। पुलिस हत्या के पीछे के पूरे कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
फिलहाल मामले में दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है।










