जिला समन्वय समिति की बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश

कटिहार, 5 अक्टूबर 2026। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों, आवेदनों और पत्रों की विभागवार समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी और नीलाम पत्रवाद से संबंधित लंबित मामलों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित वादों और पत्रों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा एसी/डीसी बिलों के समायोजन, सीएम डैशबोर्ड, जिला पदाधिकारी जनता दरबार, आरटीपीएस, सीपीग्राम, पीएमओ पोर्टल, सहयोग पोर्टल और विधानसभा सचिवालय से प्राप्त आवेदनों एवं पत्रों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की हुई समीक्षा

बैठक में राजस्व, डीआरडीए, पंचायती राज, स्थापना, नजारत, निर्वाचन, विधि शाखा, आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-अर्जन और सामाजिक सुरक्षा समेत अन्य विभागों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

दिवाली से पहले स्कूल और स्वास्थ्य केंद्रों की सफाई का निर्देश

डीएम ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में रंग-रोगन एवं साफ-सफाई का कार्य दिवाली से पहले हर हाल में पूरा कराने का निर्देश दिया। वहीं, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को हर घर नल का जल योजना के तहत सभी घरों तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, एससी/एसटी महिला छात्रावास तथा पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग के स्कूलों के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने को लेकर भी निर्देश दिए गए।

चुनाव और पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

आगामी बिहार विधान परिषद निर्वाचन एवं पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में सभी शस्त्रों का सत्यापन जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत लाभ प्राप्त कर रहे शत-प्रतिशत लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण शीघ्र कराने को कहा गया।

बैठक में उपविकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार सदर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सभी प्रखंडों के बीडीओ और प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

रिपोर्ट: KTN News Desk
Published: 05 October 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *