कटिहार में बाढ़ की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश
कटिहार, 7 अक्टूबर 2026। कटिहार जिले में बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों को लेकर खान एवं भूतत्व तथा कला संस्कृति विभाग के मंत्री सह कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी और कर्मी 24 घंटे अलर्ट मोड में रहकर स्थिति पर नजर रखें।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के 7 अंचलों की 59 ग्राम पंचायतों के 607 गांव और 4 नगर पंचायतों के 699 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं। कुल 9 लाख 39 हजार 766 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि प्रभावित परिवारों की संख्या 2 लाख 13 हजार 955 बताई गई है। दूरस्थ और जलमग्न इलाकों में आवागमन तथा राहत कार्य के लिए 514 नावों का परिचालन किया जा रहा है।
458 सामुदायिक रसोई से 66.99 लाख लोगों को भोजन
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिले में 458 सामुदायिक रसोइयों का संचालन किया जा रहा है। इनके माध्यम से अब तक 66 लाख 99 हजार 399 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। राहत सामग्री के तहत 81,904 पॉलिथीन शीट वितरित की गई हैं। वहीं 1,48,931 परिवारों को डीबीटी के माध्यम से अनुग्रह राहत राशि का भुगतान किया गया है। इसके लिए कुल 1 अरब 4 करोड़ 25 लाख 17 हजार रुपये की राशि भेजी गई है।
पशुओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी फोकस
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 85 पशु चिकित्सा शिविर सक्रिय किए गए हैं, जहां अब तक 7,177 पशुओं का उपचार किया गया है। पशुपालकों के लिए 787.40 क्विंटल पशु चारा वितरित किया गया है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 518 स्वास्थ्य शिविर संचालित हैं, जिनके माध्यम से 33,218 लोगों को चिकित्सा सुविधा दी जा चुकी है।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक राहत और बचाव कार्य पूरी तत्परता से जारी रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक भोजन, सूखा राशन, पशु चारा, स्वास्थ्य सुविधा और जरूरी राहत सामग्री पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। बाढ़ के बाद संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव और उसकी निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
रिपोर्ट: KTN News Desk











