कटिहार नगर निगम भवन में शांति समिति की बैठक, पंडाल समितियों ने रखीं समस्याएं
कटिहार। दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर कटिहार नगर निगम भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पूजा पंडाल समितियों के सदस्यों ने साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया। इस दौरान पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
अपने-अपने वार्डों की समस्याओं से कराया अवगत
बैठक में पूजा पंडाल समितियों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं से अवगत कराया। खासकर कई इलाकों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाया गया। इस पर अस्थायी कमेटी के सदस्य प्रमोद महतो ने बताया कि शहर के सभी वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और पूजा पंडालों के आसपास रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था रहे, इसके लिए खराब लाइटों की मरम्मत कराना जरूरी है। बैठक में पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान और त्योहार के दौरान बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
शांति समिति की इस बैठक का उद्देश्य
दुर्गा पूजा को व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के साथ ही पूजा समितियों और नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित करना रहा। अब लोगों को उम्मीद है कि त्योहार से पहले खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट: KTN News Desk











