नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 204.55 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 204.55 ग्राम स्मैक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। आरोपियों के पास से नकद रुपये, मोबाइल फोन और चार लाइटर भी बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 6 और 7 अक्टूबर की मध्य रात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति स्मैक की खेप लेकर नवगछिया जीरोमाइल के रास्ते खगड़िया जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तेतरी जाने वाले मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन लोगों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मिथलेश कुमार के पास से दो साबुनदानी में छिपाकर रखा गया कुल 204.55 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। उसके पास से 2,150 रुपये नकद भी मिले।
दो सहयोगी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से मिथलेश कुमार के दो सहयोगियों लक्ष्मण कुमार और मो. नयमतुल्ला को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे स्मैक की बिक्री और सेवन से जुड़े हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के जलालपुर निवासी राजू से स्मैक लेने की बात भी बताई है। पुलिस अब कथित सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
नवगछिया थाना में दर्ज हुआ मामला
इस मामले में नवगछिया थाना में कांड संख्या 411/26 दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथलेश कुमार, पिता जयराम सिंह, निवासी अंबा, थाना अलौली, जिला खगड़िया; लक्ष्मण कुमार, पिता स्वर्गीय रंजीत सिंह, निवासी इचरूआ, थाना अलौली, जिला खगड़िया और मो. नयमतुल्ला, पिता मो. नईमउद्दीन, निवासी साहसी, थाना अलौली, जिला खगड़िया के रूप में हुई है।
चार महीनों में 2.650 किलो स्मैक बरामद
नवगछिया पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले चार महीनों में कुल 2.650 किलोग्राम स्मैक बरामद किया गया है। इस दौरान मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में 29 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया है। टीम द्वारा लगातार सूचनाएं जुटाकर छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











