अनाया बांगड़ को महिला क्रिकेट में खेलने की मंजूरी पर भड़कीं मरिजाने कैप, फैसले पर उठाए सवाल
दक्षिण अफ्रीका की स्टार ऑलराउंडर मरिजाने कैप ने अनाया बांगड़ को ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट खेलने की अनुमति दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। कैप ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले को “बिल्कुल हास्यास्पद” और “अस्वीकार्य” बताते हुए कहा कि ऐसी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी ट्रांसजेंडर और जेंडर-डाइवर्स खिलाड़ियों से जुड़ी नीति के तहत अनाया को ऑस्ट्रेलिया में महिला कम्युनिटी और प्रीमियर क्रिकेट में खेलने का रास्ता दिया है। हालांकि, एलीट स्तर पर खेलने के लिए उन्हें निर्धारित पात्रता और टेस्टोस्टेरोन संबंधी मानदंडों को पूरा करना होगा।
इस फैसले के बाद महिला क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है। अनाया ने भी आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इस मुद्दे पर टिप्पणी करने वालों को पहले संबंधित नियमों और नीतियों को समझना चाहिए।











