नेपाल में फ्लैश फ्लड की आशंका, गंडक में बढ़ सकता है जलप्रवाह; कटिहार प्रशासन अलर्ट
कटिहार। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति तथा गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तैयारी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को नदी और तटबंध के आसपास रहने वाले लोगों को संभावित जलस्तर वृद्धि को लेकर जागरूक करने तथा सावधानियां बरतने की जानकारी देने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी चिन्हित बाढ़ शरण स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश, भोजन और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। SDRF की टीम को भी क्विक रिस्पॉन्स के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अधिकारियों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी एवं संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06452-239025/239026 एवं 06452-242400 जारी किए गए हैं।










