कटिहार में RPF के 42वें स्थापना दिवस पर निकाली गई बाइक रैली

कटिहार में RPF का 42वां स्थापना दिवस, 36 सदस्यीय बाइक रैली से दिया सुरक्षा और जनसेवा का संदेश

स्टेशन से निकली बाइक रैली, यात्रियों के बीच बांटी मिठाई-फल और पेयजल; रेल परिसर में किया गया पौधरोपण

कटिहार। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर कटिहार रेल मंडल में सोमवार को बाइक रैली समेत कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थापना दिवस के मौके पर आरपीएफ जवानों ने रेल यात्रियों की सुरक्षा के साथ जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत 36 सदस्यीय बाइक रैली को कटिहार रेलवे स्टेशन से मंडल सुरक्षा आयुक्त संदीप कुमार पीएस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पूर्णिया टोल टैक्स गेट पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

सुरक्षा और जनसेवा का दिया संदेश

बाइक रैली के दौरान आरपीएफ जवानों ने सुरक्षा, ईमानदारी और जनसेवा का संदेश दिया। स्थापना दिवस के अवसर पर कटिहार रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर आरपीएफ कर्मियों ने यात्रियों के बीच मिठाई, फल और शुद्ध पेयजल का वितरण किया।

आरपीएफ की ओर से आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य यात्रियों के बीच सुरक्षा के साथ सेवा भावना का संदेश पहुंचाना रहा।

रेल परिसर में पौधरोपण अभियान

स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष पहल की गई। आरपीएफ कर्मियों ने रेल परिसर के विभिन्न स्थानों पर वृहद पौधरोपण अभियान चलाया। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

आरपीएफ फील्ड में आयोजित हुआ बड़ा खाना

इसी क्रम में ओटी पारा स्थित आरपीएफ फील्ड में बड़ा खाना कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस ने की।

इस दौरान आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कमांडर विक्रम कुमार, सीआईबी इंस्पेक्टर संतोष कुमार, वेस्ट इंस्पेक्टर आबेदानन्द सिंह सहित बड़ी संख्या में आरपीएफ के इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और अन्य जवान मौजूद रहे।

स्थापना दिवस पर आयोजित बाइक रैली, जनसेवा गतिविधियों और पौधरोपण अभियान के माध्यम से आरपीएफ ने यात्रियों की सुरक्षा के साथ सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *