चंदौली में दो लाशें, एक साजिश! डबल मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां के पास मिले दो युवकों के शव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में दो मुख्य आरोपियों सूर्यप्रकाश सिंह और विकास सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जमीन और कटरे की खरीद-फरोख्त को लेकर हुए विवाद में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को धानापुर ब्लॉक परिसर के गेट के पास से पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि सिद्धार्थ सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी, जबकि सागर त्रिपाठी की हसिया से गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल किया गया हसिया भी बरामद किया है।
गौरतलब है कि 22 अक्टूबर 2026 को डेढ़गावां के पास दो युवकों के शव बरामद हुए थे। घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। अब दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले के खुलासे का दावा किया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।











