कटिहार में ए.के. मेमोरियल हॉस्पिटल का शुभारंभ, एक छत के नीचे मिलेंगी कई चिकित्सा सुविधाएं
कटिहार। शहर के हृदयगंज में ए.के. मेमोरियल हॉस्पिटल का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, कांग्रेस नेता तौकीर आलम, डिप्टी मेयर मंजूर खान और अधिवक्ता संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अस्पताल की शुरुआत से स्थानीय लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
अस्पताल में पांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मरीजों को अपनी सेवाएं देगी। इनमें गोल्ड मेडलिस्ट कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. आदिल अजमल, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा तबस्सुम, जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अतिकुर रहमान, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शम्स आजाद और बिहार सरकार की मेडिकल ऑफिसर डॉ. हिना इकबाल शामिल हैं। अस्पताल में जनरल मेडिसिन, स्त्री रोग, शिशु चिकित्सा, जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, इमरजेंसी एवं क्रिटिकल केयर, लैबोरेटरी जांच, टीकाकरण और फार्मेसी सपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यहां 24 घंटे इमरजेंसी सेवा उपलब्ध रहेगी। वहीं ओपीडी का समय सुबह 7 बजे से 10 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक निर्धारित किया गया है। हृदयगंज में इस अस्पताल के शुरू होने से आसपास के लोगों को विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श और इलाज की सुविधा एक ही स्थान पर मिल सकेगी। अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के माध्यम से यह संस्थान कटिहार के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक नया विकल्प साबित होगा।











