कटिहार में मद्य निषेध टीम की कार्रवाई, 134.7 लीटर शराब-बीयर के साथ सात गिरफ्तार
KTN / DESK/
कटिहार: जिला पदाधिकारी के निर्देश के बाद मद्य निषेध टीम ने जिले में शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 134.700 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक टोटो वाहन जब्त करने के साथ कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजे जाने की बात टीम ने कही है।
लालपुर में टोटो से मिली 64.200 लीटर विदेशी शराब
मद्य निषेध टीम के अनुसार, बलरामपुर थाना क्षेत्र के लालपुर में एक टोटो वाहन की जांच के दौरान 64.200 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में बारसोई निवासी तारक दास को गिरफ्तार किया गया।
वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
बारसोई रेलवे स्टेशन पर चार लोगों पर कार्रवाई
इसके बाद टीम ने बारसोई रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में चार लोगों को पकड़ा। टीम के मुताबिक, कन्हाई कुमार के पास से 22 लीटर बीयर, नितेश कुमार से 8 लीटर बीयर, सत्यम सिंह से 9 लीटर बीयर और रामबाबू कुमार से 9 लीटर बीयर बरामद की गई।
कटिहार जंक्शन से दो गिरफ्तार
मद्य निषेध टीम ने कटिहार जंक्शन पर भी जांच अभियान चलाया। यहां दीपक यादव के पास से 9 लीटर विदेशी शराब और रामकुमार यादव के पास से 13.500 लीटर विदेशी शराब बरामद होने की बात कही गई है।
दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
कुल 134.700 लीटर शराब और बीयर बरामद
मद्य निषेध टीम के अनुसार, पूरी कार्रवाई में कुल 134.700 लीटर विदेशी शराब/बीयर जब्त की गई। इसके साथ एक टोटो वाहन भी जब्त किया गया है।
कार्रवाई के बाद सातों गिरफ्तार आरोपियों को जेल हाजत भेज दिया गया है। मद्य निषेध टीम ने बताया कि जिले में शराब के अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।











